विधि संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में पूर्व सैनिकों की पात्रता पर स्थिति स्पष्ट की है। न्यायाधीश जिया लाल भारद्वाज ने राज्य सरकार की ओर से जारी 31 अक्टूबर 2022 के उस शुद्धिपत्र को रद कर दिया है, जिसके तहत केवल 31 अक्टूबर 2019 से 31 अक्टूबर 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए पूर्व सैनिकों को ही भर्ती के योग्य माना था। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि एक अक्टूबर 2018 से 30 सितंबर 2020 के बीच सेना से डिस्चार्ज हुए सभी पूर्व सैनिक इस भर्ती के लिए पात्र हैं।

कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया कि यदि ये अभ्यर्थी अन्य सभी शर्तों को पूरा करते हैं तो उन्हें आयु सीमा (45 वर्ष) पार होने के बावजूद दो महीने के भीतर नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं।