जागरण संवाददाता, गोरखपुर। 308 पहियों वाला महाबली दो सौ टन का बायलर लेकर जिले में आ गया है। इस पर दो सौ टन वजन का बायलर रखा हुआ है। शुक्रवार को महाबली बेलीपार थाने के पास पहुंचा तो लोग हैरानी से उसे देखते रहे। कोई सेल्फी लेने में जुट गया तो कोई वीडियो बनाकर फेसबुक, इंस्टाग्राम पर अपलोड करने लगा। हर कोई अपने तरीके से महाबली की व्याख्या करता दिखा।
बलरामपुर में चीनी मिल में बायलर लगना है। इसे बेल्जियम से मंगाया गया है। ओडिशा के बंदरगाह पर बायलर उतारा गया। इसके बाद उसे सड़क मार्ग से ले आया जा रहा है। बायलर की चौड़ाई सात मीटर और ऊंचाई आठ मीटर है।