अंकुर अग्रवाल, जागरण देहरादून। स्वागत के लिए जुटी भाजपा महानगर की भीड़ में बांसुरी स्वराज सिर्फ चेहरे नहीं देख रही थीं, बल्कि संगठन का संतुलन पढ़ रही थीं। किस नेता के साथ कौन खड़ा है, किसकी मौजूदगी के पीछे कितना राजनीतिक वजन है और किसका प्रभाव संगठन की चौखट से निकलकर बूथ तक जाता है, गुरुवार के स्वागत एवं संवाद में भाजपा की प्रदेश सह-प्रभारी बांसुरी की नजर इन बारीकियों पर टिकी रही।
कार्यक्रम औपचारिक था, लेकिन समय चुनावी है। इसलिए फूल मालाओं व गुलदस्तों के बीच भी 2027 की टिकट राजनीति और शक्ति-संतुलन की परछाइयां साफ दिखीं।

बांसुरी स्वराज उत्तराखंड में नई चुनावी टीम का हिस्सा हैं व पार्टी ने उन्हें 2027 की तैयारी में संगठन की जमीनी स्थिति समझने की जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतारा है। उनके पहले प्रवास में ही संगठन की एकजुटता, बूथ तक पहुंच व अंतर्कलह से बचने को लेकर संदेश सामने आ चुका है।