जागरण संवाददाता, पानीपत। रेलवे जंक्शन पर वीरवार को ट्रैक पार करते समय एक युवक तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में 45 वर्षीय युवक कश्यप कालोनी निवासी विजय की मौत हो गई। जीआरपी ने बताया कि विजय जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर था। उसे प्लेटफार्म नंबर एक की ओर जाना था। इसी दौरान वह ट्रैक पार करने लगा।
इसी समय ट्रैक पर वंदे भारत एक्सप्रेस आ गई और वह उसकी चपेट में आ गया। जंक्शन पर मौजूद यात्रियों ने युवक को ट्रैक पर जाते देखकर आवाज भी लगाई, लेकिन उसने उनकी आवाज नहीं सुनी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उसकी पत्नी आवाज देती रही लेकिन विजय ने एक न सूनी। जीआरपी थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि युवक कश्यप कालोनी का रहने वाला है।