जागरण संवाददाता, मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) मंडी की पूर्व छात्रा और वाटसाइकिल सस्टेनेबल साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की सह-संस्थापक डॉ. प्रियंका काजल ने विश्व पटल पर देश और संस्थान का मान बढ़ाया है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र की मूल निवासी डा. प्रियंका को पर्यावरण एवं सतत विकास श्रेणी के अंतर्गत दूसरे अंतरराष्ट्रीय टॉप-100 ब्रिक्स उद्यमी पुरस्कार 2026 के विजेताओं में चुना गया है।

आइआइटी मंडी से पीएचडी करने वाली डॉ. प्रियंका को यह गौरव सोलर पैनल रीसाइक्लिंग और सतत नवाचार के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्राप्त हुआ है।