डिजिटल डेस्क, ढाका। बुधवार को ढाका में तुराग नदी के पास बांग्लादेश वायु सेना के एक पूर्व अधिकारी का शव मिला। कुछ हफ्ते पहले ही उन्होंने एक पॉडकास्ट में उन आरोपों पर सवाल उठाए थे, जिनमें कहा गया था कि अगस्त 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़कर भागने का वीडियो उन्होंने ही रिकॉर्ड और वायरल किया था।
28 साल के पूर्व फ्लाइट लेफ्टिनेंट तहसीफ सौरी एक दिन पहले ही लापता हुए थे। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में उनके शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले, हालांकि उनकी नाक से खून निकल रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।