डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पीओके के रावलकोट और आसपास के इलाकों में बढ़ती महंगाई के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने कड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान करीब 20 नागरिकों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि लगभग 200 लोग घायल हुए हैं।
पिछले कई महीनों से चल रहे इन प्रदर्शनों में अब तक 200 से अधिक लोगों की मौत का अनुमान है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सुरक्षा बलों ने रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड और ड्रोन का इस्तेमाल किया। वे बिजली के बढ़े हुए टैरिफ, गेहूं सब्सिडी में कटौती, भारी कराधान और स्थानीय नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा का विरोध कर रहे थे।