डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश में कपड़ा मजदूरों के पांच दिनों से जारी भारी विरोध-प्रदर्शन और उग्र झड़पों के बाद आखिरकार सरकार और वेतन बोर्ड झुक गए हैं। बुधवार को हुई पहली बैठक में नवनिर्मित वेतन बोर्ड ने इस साल दिसंबर से ही नया संशोधित वेतन ढांचा लागू करने पर सहमति जता दी है, जिसके तहत मजदूरों को जनवरी में बढ़ा हुआ वेतन मिलना शुरू हो जाएगा।
मजदूरों का कहना है कि आसमान छूती महंगाई, खाद्य पदार्थों, आवास और परिवहन के बढ़ते खर्चों के कारण उनकी क्रय शक्ति पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। वे मौजूदा 12,500 टका से न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाकर 30 हजार टका करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, बुधवार की बैठक में वेतन वृद्धि के सटीक आंकड़े पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और इसे तय करने के लिए आगे भी बैठकें आयोजित की जाएंगी।