डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। फॉक्स न्यूज के पूर्व होस्ट और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के वफादार रहे टकर कार्लसन का कहना है कि वॉशिंगटन डीसी में कहीं न्यूक्लियर क्लॉक चल रही है। उनके अनुसार, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दबाव में अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान पर परमाणु हमला करने का आदेश देने के बहुत करीब हो सकते हैं।
कार्लसन के अनुसार, उनका निशाना पिकएक्स माउंटेन है, जो ईरान की नतान्ज परमाणु सुविधा के पास बना एक बेहद सुरक्षित भूमिगत परिसर है। कार्लसन ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट में एक जानकार व्यक्ति के हवाले से कहा कि बीबी (नेतन्याहू) इस बारे में रोजाना ट्रंप को फोन करते हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले हफ्ते आए चुनाव नतीजों के बाद इजरायली प्रधानमंत्री घिर गए हैं और हताश हैं और जब तक ट्रंप उनकी मदद नहीं करते, वे सरकार नहीं बना सकते।