डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा के बाद हालात में सुधार दिखने पर रविवार को अधिकारियों ने मधेश और कोसी प्रांत के कई इलाकों में कर्फ्यू में ढील दी है।
सांप्रदायिक हिंसा में अबतक तीन लोगों की मौत हो गई है। यह हिंसा कोसी प्रांत में भारत से सटे सुनसरी जिले में झड़पों के बाद शुरू हुई थी, जिसके कारण अधिकारियों को कर्फ्यू और निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी और सुरक्षा बल बढ़ाने पड़े।
हिंसा तब भड़की, जब 26 जुलाई को अलग-अलग कार्यक्रम कर रहे दो समुदायों के लोग लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर आपस में भिड़ गए। हिंसा जल्द ही आस-पास के इलाकों में फैल गई। सुनसरी जिले में दो और सिराहा जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई।