डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में एक ‘इन-एन-आउट’ रेस्तरां में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार दोपहर को एक बंदूकधारी ने रेस्तरां में अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस दर्दनाक हमले में 3 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य लोग घायल हो गए। हमलावर ने बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय पुलिस अधिकारियों और सीबीएस न्यूज ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की।
पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने बताया कि हमलावर की पहचान 24 वर्षीय चैड विलियम्स के रूप में हुई है, जिसकी मौके पर ही खुद को गोली मारने से मौत हो गई। बता दें कि यह खौफनाक वारदात शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग जान बचाने के लिए पार्किंग एरिया से भागते हुए नजर आए और गोलियों की आवाजें सुनाई दीं।