डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की सख्त आव्रजन नीतियों और बदलते माहौल का असर अब भारतीय छात्रों के अमेरिका जाने के रुझान पर भी दिखने लगा है। कभी उच्च शिक्षा के लिए पहली पसंद माने जाने वाले अमेरिका को लेकर भारतीय छात्रों का आकर्षण कम हुआ है। एक साल में वहां सक्रिय भारतीय छात्रों की संख्या करीब 50 हजार घट गई। हालांकि, भारत अब भी अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का सबसे बड़ा स्रोत बना हुआ है।
अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) के स्टूडेंट एंड एक्सचेंज विजिटर इंफार्मेशन सिस्टम (एसईवीआइएस) के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में अमेरिका में सक्रिय भारतीय छात्रों की संख्या 3,16,893 रह गई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 3,66,258 थी। इस तरह एक साल में 49,365 छात्रों की कमी आई, जो लगभग 13.5 प्रतिशत है।