डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग पार्टी और सरकार पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ अगले कार्यकाल की तैयारी में जुटे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी है। उनका कहना है कि पार्टी में अब भी ऐसे अधिकारी हैं, जो निष्ठाहीन और उदासीन हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जरूरत बनी हुई है।
इस महीने दक्षिण-पश्चिम चीन के चोंगकिंग शहर के पूर्व महापौर हुआंग किफान के खिलाफ जांच की घोषणा ने इस अभियान की सख्ती को फिर चर्चा में ला दिया। पद छोड़ने के बाद भी प्रभावशाली बने रहे हुआंग उन कई अधिकारियों की कार्रवाई से बच निकले थे, जिनके अधीन उन्होंने काम किया था।