डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रांस में गुरुवार को शामोंडा वायरस की चपेट में आकर एक शख्स की मौत हो गई। इंसानों में इस वायरस के मिलने का यह पहला मामला है। यह वायरस आमतौर पर पशुओं में पाया जाता है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आम जनता को इससे कोई खतरा नहीं है। सरकार ने बताया कि आशंका है कि पूर्वी फ्रांस में पीड़ित व्यक्ति को एक ऐसी 'मिज' (छोटी मक्खी) ने काटा होगा, जो इस वायरस का वाहक रही होगी। इस बार गर्मियों में यह वायरस वहां जानवरों के बीच फैला हुआ था।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि वह इस प्रकोप को लेकर फ्रांसीसी अधिकारियों के संपर्क में है। स्टाकहोम स्थित यूरोपियन सेंटर फार डिसीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ने बताया कि मरीज की मौत अक्टूबर की शुरुआत में हुई। वह एक गंभीर बीमारी का इलाज करा रहे थे, जिसकी वजह से उनमें आम लोगों की तुलना में संक्रमण का खतरा अधिक था।