डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी सैन्य सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारशील्ड में आई रुकावट के कारण 1 मिलियन डॉलर से अधिक कीमत वाले यूक्रेनी ड्रोन आसमान से गिर गए। इस वजह से यूक्रेनी सैनिकों को तीन दिनों तक अपने लगभग सभी अभियान रोकने पड़े।
द न्यूयॉर्क टाइम्स ने यूक्रेनी सैन्य कमांडर के हवाले से रिपोर्ट में बताया कि पिछले हफ्ते दर्जनों हथियारबंद ड्रोन रूसी सैन्य ठिकानों की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक उनके वीडियो फीड धुंधले हो गए। उन्होंने बताया कि स्टारशील्ड के जरिए इन ड्रोन्स का जमीन पर मौजूद पायलटों से संपर्क टूट गया था। रिपोर्ट के अनुसार, कई ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिससे उनकी इकाइयों को 10 लाख डॉलर से अधिक मूल्य के हथियारों का नुकसान हुआ।