डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन ने भारत की अध्यक्षता में इस वर्ष आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए अपना समर्थन जताया है, हालांकि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के इस सम्मेलन में शामिल होने को लेकर उसने अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
बीजिंग में एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि ब्रिक्स उभरते बाजारों और विकासशील देशों के बीच सहयोग का एक बहुत ही महत्वपूर्ण मंच है। चीन ब्रिक्स सहयोग को काफी महत्व देता है और इसमें सक्रिय रूप से भाग लेता है। उन्होंने कहा कि हम इस वर्ष के अध्यक्ष देश भारत का समर्थन करते हैं ताकि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पूरी तरह सफल हो सके।