डिजिटल डेस्क, बैंकॉक। थाईलैंड में छुट्टी मनाने गए तीन भारतीय युवकों के लिए यह यात्रा एक बुरे सपने में तब्दील हो गई। पटाया में भारतीय और पाकिस्तानी नागरिकों के एक गिरोह ने उन्हें एक सप्ताह से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखा, जिसके बाद उन्हें छुड़ाया गया।
इन लोगों को सस्ते टूर पैकेज का लालच देकर थाईलैंड बुलाया गया था। तीनों भारतीयों को पुलिस ने पटाया के बैंग लामंग जिले में एक दो मंजिला घर से बचाया गया।
उन्हें छोड़ने के लिए करीब 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। बचाए गए भारतीयों की पहचान मोहित, आशीष और हिमांशु के रूप में हुई है। इनकी उम्र 20 से 23 वर्ष के बीच है। गिरोह ने इन लोगों को बार-बार प्रताड़ित किया और उनके परिवारों से फिरौती मांगने के लिए मजबूर किया।