डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा है कि वह इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ किसी भी तरह की जुबानी जंग में पड़ने के इच्छुक नहीं हैं। नेतन्याहू ने अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय को लेकर ममदानी की पिछली टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की थी, साथ ही उन पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया था।
ब्रुकलिन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब मेयर ममदानी से इस पर सवाल किया गया, तो उन्होंने मामले को ज्यादा तूल न देते हुए अपना रुख साफ किया। फॉक्स न्यूज के अनुसार, ब्रुकलिन में सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मेयर ममदानी ने कहा कि मुझे प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ किसी बयानबाजी में पड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है।