डिजिटल डेस्क, बीजिंग। विदेश सचिव विक्रम मिसरी और चीन की विदेश मामलों की उप-मंत्री हुआ चुनयिंग के बीच सोमवार को बीजिंग में हुई बैठक में भारत-चीन ने सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के महत्व को स्वीकार किया।
बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा की और भारत-चीन संबंधों को मजबूत करने के लिए दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी समझ को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया। दोनों देशों ने व्यापार और आर्थिक संबंधों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव के माध्यम से सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की।