डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के पर्सिवरेंस रोवर को मंगल ग्रह पर पानी के प्राचीन इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। रोवर के वैज्ञानिक विश्लेषण के अनुसार, मंगल के जेजेरो क्रेटर में स्थित चट्टानों का कम से कम तीन अलग-अलग समय पर पानी से सीधा संपर्क हुआ था।
यह खोज कम्युनिकेशन्स अर्थ एंड एनवायरनमेंट जर्नल में प्रकाशित हुई है, जो लाल ग्रह के पानी वाले अतीत और वहां कभी जीवन के अनुकूल स्थितियों को समझने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।