धर्म डेस्क, नई दिल्ली। सावन का महीना आते ही हर तरफ 'हर-हर महादेव' की गूंज सुनाई देने लगती है। हम सब जानते हैं कि यह महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे उत्तम माना गया है। लेकिन, कम लोग जानते हैं कि सावन में शिवजी की कृपा पाने का एक सबसे आसान और अचूक तरीका श्री राम की भक्ति भी है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव और प्रभु श्रीराम एक-दूसरे को अपना आराध्य यानी ईश्वर मानते हैं। शास्त्रों में साफ कहा गया है कि जहां राम की पूजा होती है, वहां शिवजी खुद खिंचे चले आते हैं। इसलिए सावन के महीने में भगवान शिव के साथ-साथ श्रीराम का सुमिरन करना और रामायण का पाठ करना बेहद शुभ फलदायी होता है।