जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी समेत प्रदेश के अधिकतर जिलों में अगले सात दिन मौसम साफ रहेगा। 17 नवंबर तक बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि, बुधवार से शुक्रवार तक लखनऊ के साथ पूर्वी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अब धीरे-धीरे दिन के तापमान में भी गिरावट होगी।
हरदोई में रात सबसे ठंडी
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, वायुमंडल स्थिरता के कारण अगले दो-तीन दिन सुबह थोड़ी देर के लिए हल्का कोहरा छाने के आसार हैं, लेकिन रात में इसका असर नहीं रहेगा। सुबह से ही तेज धूप निकलेगी। मौसम में बदलाव के साथ दिन के तापमान में करीब दो-तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने के पूर्वानुमान हैं।