डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट पर चाकू से हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) संभावित भारतीय कनेक्शन की जांच कर रही है। एनआईए ने इस सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से दस्तावेज और कुछ लोगों से पूछताछ की अनुमति मांगी है।
एनआईए महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि एजेंसी आरोपी ओमानी फर्स्ट ऑफिसर के किसी भारतीय संपर्क या नेटवर्क की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने यूएई को म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी (एमएलएटी) के तहत अनुरोध भेजा है। इसमें कुछ दस्तावेजों की कॉपी और वहां कुछ लोगों से पूछताछ की अनुमति मांगी गई है। हम उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं।