जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के बचे-खुचे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सुरक्षा बलों का अभियान जारी रहेगा। पहाड़ों, जंगलों या पाताल में भी छिपे होंगे तो उन्हें ढूंढकर समाप्त किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाकर ही सुरक्षा बल चैन से बैठेंगे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को उधमपुर स्थित शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड के दौरान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर यह कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी आतंकी मुल्क कई दशकों से आतंकवाद के जरिये न केवल निर्दोष नागरिकों की जान लेता रहा, बल्कि समाज में भय पैदा कर यहां की शांति और विकास को रोकने का प्रयास भी करता रहा है।