जागरण संवाददाता, कानपुर। अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम ने ऐसी करवट ली कि गर्मी के बीच अचानक ठंडक महसूस होने लगी। चक्रवाती सिस्टम अर्नब के असर से शुक्रवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर वर्षा और बूंदाबांदी होती रही। पूरे दिन में करीब 7.3 मिमी वर्षा हुई।
आसमान में घने बादल छाए रहने और धूप नहीं निकलने से अधिकतम तापमान में एक दिन में ही 7.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री था, जो शुक्रवार को घटकर 23.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।