संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़। आइटीबीपी की 14वीं वाहिनी की ओर से सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत वाइब्रेंट विलेज के छात्र-छात्राओं के लिए नौ दिवसीय शैक्षणिक भारत दर्शन भ्रमण आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को वाहिनी मुख्यालय जाजरदेवल में सेनानी राम भरत सिंह कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को दिल्ली और जयपुर के लिए रवाना किया। बच्चों की सुरक्षा और देखभाल के लिए वाहिनी के चार पदाधिकारी भी उनके साथ भेजे गए हैं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थी दिल्ली में लाल किला, इंडिया गेट और अक्षरधाम मंदिर के साथ ही जयपुर में आमेर दुर्ग, हवा महल, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर और जल महल सहित प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर सेनानी राम भरत सिंह कुशवाहा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है। इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और भ्रमण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।