डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा इलाके में स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) परिसर में रविवार शाम भीषण हादसा हो गया। यहां खड़ी वर्मा ट्रेवल्स की आठ बसों में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं इतना विकराल था कि करीब एक किलोमीटर दूर से ही आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दे रहा था।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।