जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल पथ परिवहन निगम की जिस बस में चालक संतोष कुमार ने लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया, उसी में उनकी अंतिम यात्रा भी निकली। सरकाघाट के लुणाधा निवासी 46 वर्षीय संतोष रामपुर बुशहर डिपो में चालक के रूप में तैनात थे। कमरे में सोये हुए उनकी मौत हो गई थी। शुरुआती कारण हृदयाघात बताया जा रहा है।

संतोष कुमार निगम में 13 साल से सेवाएं दे रहे थे। मौत से पहले वह दिल्ली रूट की ड्यूटी पूरी कर लौटे थे और आराम करने चले गए थे। सहयोगियों ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठे। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कमरा खोला गया।