जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मशोबरा स्थित बालिका आश्रम में ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के साथ दिवाली का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ पटाखे जलाकर खुशियां साझा कीं और उन्हें फल, मिठाइयां तथा पटाखे वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ उनके अपने परिवार का हिस्सा हैं और यही कारण है कि वह समय-समय पर उनसे मिलने विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों में जाते रहते हैं। इन संस्थानों के दौरे का उद्देश्य बच्चों की समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को समझना तथा उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाना है।