संवाद सूत्र, धौरहरा (लखीमपुर)। धौरहरा विधान सभा में भाजपा से टिकट चाहने वालों की फेरहिस्त में पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र मोनू का नाम भी जुड़ गया है। उनकी दावेदारी दूसरे दावेदारों के लिए दीपावली पर बड़ा धमाका साबित हुई है। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के झिन्नापुरवा निवासी कमलेश भाजपा के बूथ लेबल कार्यकर्ता से प्रदेश कार्यकारिणी तक पहुंचे हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष के तौर पर अवध के 15 जिलों में काम कर चुके कमलेश इस समय हरदोई जिले के प्रभारी हैं। दीपावली पर 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं के घर सीधे उपहार भेज कर मोनू ने उस नब्ज पर हाथ रखा है, जहां दर्द का अहसास शुरू से भाजपा के आम कार्यकर्ता को रहा है। उपहार के इस झोले पर ही विधानसभा से उनकी दावेदारी का ऐलान छपा था।