संवाद सहयोगी, पूसा (समस्तीपुर) । मौसम ने किसानों को खेती-किसानी के काम निपटाने के लिए राहत भरा मौका दिया है। अगले चार दिनों तक उत्तर बिहार में आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
ऐसे में धान की कटाई और दौनी पूरी करने के साथ रबी फसलों की बुआई में तेजी लाने का यह अनुकूल समय है। कृषि वैज्ञानिकों ने मौसम की इस अनुकूलता का लाभ उठाते हुए सरसों, मटर, चना और सब्जियों की बुआई समय पर पूरी करने की सलाह दी है।