जागरण संवाददाता, पटना। चक्रवाती तूफान अर्णब के असर से बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। आसमान में छाए बादल, रुक-रुककर होती वर्षा और गिरते तापमान ने अक्टूबर के आखिरी दिनों में ही ठंड बढ़ा दी है। गुरुवार को पटना समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में वर्षा की गतिविधियां जारी रहीं। 
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने अगले 24 घंटे के दौरान मधुबनी और सीतामढ़ी में अत्यंत भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, दरभंगा, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण एवं शिवहर में आंधी-पानी को लेकर आरेंज अलर्ट है। इन स्थानों पर हवा की गति 40-50 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार हैं।