राज्य ब्यूरो, मुंबई। मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल से जुड़े 500 करोड़ रुपये के कथित लेन-देन के मामले में शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस मामले की जांच ईडी से कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि इतनी बड़ी रकम जरांगे तक नहीं पहुंची तो यह पता लगाया जाना चाहिए कि पैसा किसने दिया, कहां से आया और आखिर कहां गया। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि जारी ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर दावा किया गया है कि उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के माध्यम से जरांगे को 500 करोड़ रुपये दिए गए।