जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। लखनऊ एक्सप्रेसवे से नसीरपुर-बटेश्वर मार्ग पर दिल्ली की कार मौत बनकर दौड़ी। सड़क किनारे खड़े बच्चों और महिलाओं को टक्कर मारने के बाद भी उसकी रफ्तार कम नहीं हुई। ग्रामीणों ने घेराबंदी की तो फिर पलट कर ग्रामीणों को कुचलते हुए भागने का प्रयास किया। इससे ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। उन्होंने कार सवारों को जमकर पीटा। प्रसारित वीडियो में एक महिला कार के पहिए में लगे व्हील कवर से कार सवारों को पीटते हुए दिख रही है। इस घटना से छटनपुर गांव में रात भर कोहराम मचा रहा।