प्रितम सिंह, रेवाड़ी। साइबर ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर गांव जैनाबाद के रहने वाले सेवानिवृत्त वायु सैनिक से करीब 23 लाख रुपये ठग लिए।
आरोपितों ने उन्हें 16 दिनों तक वीडियो काल के जरिये डिजिटल अरेस्ट रखा और जांच के नाम पर निगरानी की। भरोसा जीतने के लिए आरबीआई के लेटर पैड जैसा दिखने वाला फर्जी दस्तावेज भी भेजा। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खुद को बताया सीबीआई अधिकारी
दरअसल, करीब 62 वर्षीय सरजीत वायु सेना और स्वास्थ्य विभाग में एमपीएचडब्ल्यू के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर रहते हैं। 16 अक्टूबर को उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया। वीडियो कॉल पर बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को दिल्ली के बाराखंभा रोड स्थित कार्यालय का सीबीआई अधिकारी विजय तिवारी बताया।