जागरण संवाददाता, वाराणसी। सुर, ताल और लोक संस्कृति के संगम 'गंगा महोत्सव' की तीसरी संध्या रविवार को पूरी तरह लोक रंगों और भक्ति के नाम रही। नमोघाट के मुक्ताकाशीय मंच पर जैसे ही लोक गायिका कल्पना पटवारी ने माइक संभाला पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कल्पना ने अपनी खनकती आवाज में छठ गीत 'दर्शन मांगी ला...' से शाम का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने 'प्रभु प्राणनाथं, शम्भू विश्वनाथम..' (शिवाष्टकम) की ऐसी ओजपूर्ण प्रस्तुति दी कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। कबीर के निर्गुण को सुर देते हुए उन्होंने 'कबीरा खड़ा बाजार में मांगे सबकी खैर...गाया तो दर्शन भी स्वर मिलाने लगे। 'हम त नैहर के बनि रसिली कि लोगवा पागल कहेला ना...' गाया तो श्रोता अपनी जगह पर झूमने लगे।