संवाद सूत्र, औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के बेसोली गांव में शनिवार को एक हादसे में 40 वर्षीय महिला की जान चली गई। मालगाड़ी से टूटकर निकला लोहे का सरिया महिला के सिर में जा लगा। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में मातम छा गया।
बेसोली गांव निवासी गीता देवी शनिवार को अपने छोटे बेटे योगेंद्र को देखने के लिए घर के पास से निकली डीएफसी रेलवे लाइन पर पहुंची थीं। बताया गया कि वह रेलवे ट्रैक के पास खड़ी थीं। इसी दौरान वहां से मालगाड़ी गुजरी। टूटा हुआ लोहे का सरिया उनके सिर में आकर लगा।