जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने गिराेह बनाकर चोरी करने के आरोप में छह महिलाओं समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपित गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के सिधुआपार लक्ष्मीपुर निवासी अर्चना, रीना, अंशिका, नेहा कुमारी उर्फ काजल, अंजली, कुरांव गांव निवासी सुनीता देवी और कुरांव सिधुवापार गांव निवासी किशन कुमार के पास से एक लाख 87 हजार दो सौ रुपये, आभूषण, तीन मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बोलेरो बरामद किया है।
आरोपितों ने राबर्ट्सगंज व ओबरा क्षेत्र में चोरी की पांच घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन के जनसुनवाई कक्ष में बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि आरोपितों को पंचमुखी महादेव मंदिर सहिजन खुर्द के पास से मंगलवार को पकड़ा गया।