जागरण संवाददाता ,वाराणसी। शहर में बीते सात नवंबर को कैंट थाना अंतर्गत सेंट्रल जेल मार्ग के समीप स्थित सद्भावना विहार कॉलोनी के मोड पर निर्माणाधीन इमारत के चतुर्थ तल से पेंटिंग का कार्य करने के दौरान गिरकर 19 वर्षीय राहुल नामक युवक की हुई मौत के मामले में सोमवार की शाम मौके पर पहुंची मृतक की मां रेखा देवी तथा एकमात्र बहन नैना उचित मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गई।
मौके पर पहुंची कैंट पुलिस टीम दोनों मां बेटी को समझाने बुझाने का प्रयास करती रही। देर शाम पुलिस के समझाने के बाद दोनों शांत हुई। कटेसर थाना मुगलसराय निवासिनी मृतक की मां रेखा देवी ने बताया कि उनका इकलौता बेटा 19 वर्षीय मृतक राहुल पेंटिंग का कार्य करता था। ठेकेदार आकाश के अंडर में वह पिछले 14 दिनों से सेंट्रल जेल मार्ग स्थित इमारत में पेंटिंग का कार्य कर रहा था।