जागरण संवाददाता, वाराणसी। दोषीपुरा स्थित इमाम बारगाह में रविवार को शिया व सुन्नी समुदायों के धर्मगुरुओं ने एक साथ शिरकत कर आपसी सौहार्द और एकता की मिसाल पेश की। मदरसा कासिमिया के संस्थापक मौलाना सलमान हैदर कुम्मी के चेहलुम तथा मौलाना कासिम हुसैन वाएज की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत धनीपुर के कारी मुख्तार आलम ने कुरान की तिलावत से की।
लखनऊ के इमाम-ए-जुमा मौलाना सैयद कल्बे जवाद और ईरान की जामिअतुल मुस्तफा से आए मुख्य वक्ता आयतुल्लाह मौलाना सैयद कमाल हुसैनी ने मजलिस को खिताब किया। कहा कि एक सच्चे धर्मगुरु का दुनिया से विदा हो जाना समाज में एक ऐसा रिक्त स्थान छोड़ जाता है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। कार्यक्रम में लियाकत अली खां ने सोजख्वानी पेश की व संचालन नदीम आबिदी ने किया।