जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सराय लवरिया स्थित आवास पर सोमवार को मेयर प्रशांत सिंघल 'मेयर विद नेक्स्ट जेन' कार्यक्रम कर रहे हैं। इसमें शहर के आठ डिग्री कालेजों के छात्र-छात्राओं के साथ शहर के विकास व नवाचार के साथ व्यवस्था बनाने पर चर्चा की जा रही है। युवाओं के सुझाव भी मांगे जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में मेयर ने अलीगढ़ में पहला एडवेंचर पार्क स्थापित करने की घोषणा कर दी है।
बताया कि इस पर कार्ययोजना लगभग पूरी हो चुकी है। शहर के खुले नालों को ढंकते हुए कैसे उपयोगी स्थान का सृजन करें, इस पर विद्यार्थियों से ही योजना मांगी गई है। शहर के विकास में युवाओं की सहभागिता व उनके नवाचारी विचार शामिल करने के उद्देश्य से ये कार्यक्रम किया जा रहा है।