संवाद सहयोगी, जागरण, अजीतमल (औरैया)। पैकेट बंद केक खाने और कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद आगरा, मथुरा व वृंदावन घूमकर वाराणसी लौट रहे स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें चार छात्राएं तो बेहोश हो गईं। उन्होंने इटावा में जियो बीपी पेट्रोल पंप की कैंटीन से सामान खरीदा था। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया। कोतवाल विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि डाक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग की बात कही है। उपचार के बाद सभी लोगों को भेज दिया गया। घटना रविवार सुबह की है।