संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। नई रिपोर्ट के मुताबिक, अगर भारत ने बिजली, ग्रीन हाइड्रोजन और बायोएनर्जी के इस्तेमाल को तेजी से बढ़ाया तो 2035 तक सालाना 9.6 लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है। मौजूदा रफ्तार से चलते रहने पर ऊर्जा आयात का खर्च बढ़कर 17 लाख करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान है।
भारत की ऊर्जा जरूरतें लगातार बढ़ रही हैं। घरों में खाना पकाने से लेकर खेतों में सिंचाई, फैक्ट्रियों में उत्पादन और सड़कों पर दौड़ते वाहनों तक, हमारी ऊर्जा की मांग का बड़ा हिस्सा आज भी कोयले, पेट्रोल, डीजल और प्राकृतिक गैस जैसे फॉसिल फ्यूल से पूरा होता है। इनमें से बड़ी मात्रा हमें दूसरे देशों से खरीदनी पड़ती है।