जागरण संवाददाता, करनाल। सालवन गांव में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत हो गई। महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था, लेकिन इसके बाद उसे ब्लडिंग शुरू हो गई। स्वजन ने गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की नर्स और अन्य स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।
महिला के पति पवन कुमार का आरोप है कि ब्लडिंग रोकने के लिए उचित इलाज करने के बजाय उसके अंदर रूई डाल दी और परिवार को सब ठीक होने की बात कहकर करनाल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। वहां डाक्टरों ने रूई निकाली तो तेज ब्लडिंग शुरू हो गई और महिला की मौत हो गई।