जागरण संवाददाता, जींद। रायबरेली (उत्तर प्रदेश) से जींद मजदूरी करने आए 23 वर्षीय अर्जुन पुत्र स्वर्गीय हरिश्चंद्र की मंगलवार सुबह हांसी रोड के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बुधवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर मां, छोटे भाई और बहन को सौंप दिया।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्वजन शव को गांव ले जाने और अंतिम संस्कार करवाने में असमर्थ थे। रेलवे थाना के चौकी प्रभारी कपिल ने भारत विकास परिषद की वीर शाखा जींद से संपर्क कर मदद मांगी। इसके बाद शाखा अध्यक्ष संजय वर्मा, बलजीत रेढू व अन्य सदस्यों के सहयोग से सेक्टर सात स्थित श्मशानघाट में युवक का अंतिम संस्कार करवाया गया।