संवाद सहयोगी, बवानीखेड़ा। सड़क हादसे में 65 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव सिप्पर निवासी लखा सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि लखा सिंह बुधवार को अपने ट्रैक्टर-ट्राली में धान भरकर बवानीखेड़ा अनाजमंडी में बेचने आए थे। अनाज बेचने के बाद वह शाम को वापस अपने गांव सिप्पर लौट रहे थे।
इसी दौरान बवानीखेड़ा-जमालपुर रोड पर एक मोड़ पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि मोड़ पर ब्रेकर न होने और ट्राली में असंतुलन के कारण ट्रैक्टर-ट्राली सहित पलट गया। हादसे में लखा सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना दी और लखा सिंह को नागरिक अस्पताल बवानीखेड़ा पहुंचाया।