संवाद सूत्र, बिजनौर। बाइक से भैयादूज पर रिश्तेदारी में जा रहे एक परिवार पर गुलदार ने हमला बोल दिया। गुलदार के हमले से अनियंत्रित होकर बाइक गिर गई। परिवार के पांच लोग बाइक और एक दूसरे के नीचे ही दब गए। गुलदार ने फिर से हमला करने की कोशिश की तो परिवार ने शोर मचा दिया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने गुलदार को भगाया। पूरे परिवार को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
गांव मुकरपुर सत्ती निवासी सुशील कुमार अपनी पत्नी ममता देवी के साथ भैयादूज पर बाइक से ससुराल नहटौर के गांव खेड़ा जा रहे थे। उनके तीनों बच्चे भी उनके साथ थे। गांव महमूदपुर के पास जंगल के रास्ते में हनुमान मंदिर के पास गन्ने के खेत से गुलदार अचानक निकल आया और पीछे से उन पर हमला करने की कोशिश की और उनकी ओर झपटा।