जागरण संवाददाता, बिजनौर। पतित पावनी गंगा में इस समय पानी की कोई कमी नहीं है। लगभग 17 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं के लिए पानी की कोई कमी नहीं होगी। श्रद्धालु आराम से गंगा में श्रद्धा की डुबकी लगा सकेंगे।
कार्तिक पूर्णिमा पर जिले गंगा घाट पर लगने वाला गंगा स्नान का मेला जिले की संस्कृति से जुड़ा है। इस अवसर पर नांगसोती, बालावाली, गंगा बैराज, गंज और नारनौर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करते हैं। गंज में विदुरकुटी के पास तो बड़ा मेला आयोजित होता है। इसमें तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। श्रद्धालु कई दिन पहले आकर यहां डेरे जमा लेते हैं और गंगा की रेत में ही समय बीताते हैं। बच्चों के मुंडन संस्कार भी गंगा किनारे ही कराने की परंपरा है। दो वर्ष पहले कार्तिक पूर्णिमा के समय गंगा में बहुत कम पानी था।