जागरण संवाददाता, (चौबेपुर) वाराणसी। क्षेत्र के ढकवा गांव की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई थी। इसके बाद बुधवार को अजगरा विधायक त्रिभुवन राम गांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सड़कों की बदहाल स्थिति देखी और ग्रामीणों से आवागमन में हो रही परेशानियों की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने मंडी परिषद के अंतर्गत आने वाली ढकवा की दो सड़कों का निर्माण कराने का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सड़क निर्माण की मांग को लेकर ढकवा गांव के ग्रामीण विनोद निषाद, शिवशंकर प्रसाद, नीरज कुमार, राम अवतार, जंगली प्रसाद और साधु ने प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से सड़कें जर्जर होने के कारण उन्हें आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।