जागरण संवाददाता, वाराणसी। फरीदाबाद में धनतेरस की रात पार्किंग विवाद में टेक महिंद्रा के एरिया हेड की हत्या ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि सड़क और घर के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर बढ़ती तकरार कब हिंसक रूप ले ले, कहा नहीं जा सकता। यह घटना उन शहरों के लिए भी चेतावनी है, जहां नियोजित विकास की अनदेखी कर आवासीय बस्तियां बसाई जा रही हैं।
काशी भी इससे अछूती नहीं है। यहां मोहल्ले-मोहल्ले में बहुमंजिला इमारतें, फ्लैट तो खड़े हो गए, लेकिन वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई। नतीजा यह है कि घरों के सामने की सड़कें निजी पार्किंग में तब्दील होती जा रही हैं। शहर की कई कालोनियों और घनी आबादी वाले मोहल्लों में सुबह से रात तक सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े रहते हैं। कहीं कारों ने रास्ता घेर रखा है तो कहीं दोपहिया वाहनों की कतार से गलियां संकरी हो गई हैं।